जलालपुर डाकघर में आधार कार्ड बनवाने के लिए लगी भीड़।
अंबेडकरनगर। आधार बनवाने को लेकर बार बार चक्कर लगाने से नाराज लोगों ने मंगलवार को उपडाकघर जलालपुर के सामने प्रदर्शन किया। कहा गया कि कर्मचारियों की मनमानी के चलते आधार कार्ड नहीं बन पा रहा है। कभी मशीन खराब होने की बात कहकर वापस लौटा दिया जाता है तो कभी अन्य कारण बताए जाते हैं। बाद में लोगों ने एसडीएम से भी शिकायत दर्ज कराई। एसडीएम सदानंद सरोज के आश्वासन के बाद आक्रोश शांत हुआ।
मंगलवार सुबह आधार कार्ड बनवाने के लिए न सिर्फ जलालपुर बल्कि आसपास के क्षेत्र के लोग उप डाकघर जलालपुर व दुल्हूपुर पहुंचे। आरोप है कि दुल्हूपुर उपडाकघर में आधार कार्ड बनाने वाला कक्ष ही बंद था, जबकि जलालपुर स्थित उपडाकघर में मशीन खराब होने का हवाला देकर लोगों को वापस किया जाने लगा। इस पर आधार कार्ड बनवाने के लिए पहुंचे बड़ी संख्या में लोगों में नाराजगी व्याप्त हो गई। एकजुट होकर लोगों ने जलालपुर उपडाकघर के सामने सांकेतिक प्रदर्शन किया और नाराजगी जताई। कर्मचारियों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि आधार कार्ड बनवाने के लिए बार बार उपडाकघर का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
सुहानी, सौम्या, हरिकेश, नीतू, रितेश ने कहा कि वे लगभग एक माह से उपडाकघर का का चक्कर लगा रहे हैं। कभी मशीन खराब होने का हवाला दिया जाता है तो कभी अन्य कारण। स्कूल में आधार कार्ड मांगा जा रहा है। बार-बार चक्कर लगाने के बाद भी बच्चों का आधार कार्ड नहीं बन पा रहा है। बाद में कुछ लोगों ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर एसडीएम सदानंद सरोज से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने उपडाकघर के कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मशीन दुरुस्त कराकर सुचारु रूप से आधार कार्ड बनाए जाएं। उन्होंने लोगों से कहा कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया व यूनियन बैंक में भी आधार कार्ड बन रहे हैं। वे वहां भी जाकर बनवा सकते हैं। एसडीएम के आश्वासन के बाद लोगों की नाराजगी दूर हो सकी।