अंबेडकरनगर। महरुआ बिजली घर के नसीरपुर फीडर की इनकमिंग पैनल फुंकने से शुक्रवार की रात चार घंटे 20 गांव की बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस उपकेंद्र से नसीरपुर , पतौना, वेस्ट, मंशापुर बिजली घर के उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति दी जाती है। शुक्रवार देर शाम सात बजे नसीरपुर बिजली घर के पैनल की इनकमिंग केबल फुंक गई। इसके बाद बिजली घर से संचालित महरुआ, मथानी, पितांबरपुर, लोकनाथपुर, सेमरी जैमलपुर, प्राणनाथ, नरसिंह दासपुर, महरूआ, कटरिया, बड़ागांव, आदमपुर तिंदौली, हरिश्चंद्रपुर, सुखारीगंज समेत 20 गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। चार घंटे बाद रात 11 बजे फाल्ट ठीक होने के बाद आपूर्ति बहाल होने पर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली। अधिशासी अभियंता आशीष यादव ने बताया कि फाल्ट को ठीक कर आपूर्ति बहाल करा दी गई है।