जलालपुर (अंबेडकरनगर)। तीन सरकारी अस्पतालों में स्थापित हेल्थ एटीएम का लाभ मरीजों को नहीं मिल सका। दरअसल मंगलवार को सीएचसी नगपुर, महिला अस्पताल जलालपुर व पीएचसी मालीपुर में हेल्थ एटीएम की स्थापना कर दी गई लेकिन किसी जनप्रतिनिधि के हाथों शुभारंभ न होने से बुधवार से उसका संचालन नहीं हो सका। इसके चलते मरीजों को मायूसी हुई।
जिले में कुल 12 हेल्थ एटीएम की स्थापना होनी है। बीते दिनों ही जिला अस्पताल में समारोह पूर्वक इसकी स्थापना कर संचालन प्रारंभ किया गया था। इस बीच मंगलवार को सीएचसी जलालपुर, महिला अस्पताल व पीएचसी मालीपुर में हेल्थ एटीएम स्थापित कर उसकी टेस्टिंग भी कर दी गई। उम्मीद थी कि बुधवार से तीनों एटीएम का संचालन प्रारंभ हो जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
दरअसल संबंधित अस्पतालों में एटीएम की स्थापना तो कर दी गई लेकिन जनप्रतिनिधि द्वारा समारोह पूर्वक इसका शुभारंभ नहीं किया गया। इसके चलते ही संचालन नहीं हो सका। नतीजा यह रहा कि जांच की उम्मीद में पहुंचे मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
खून की जांच कराने के लिए महिला अस्पताल जलालपुर पहुंचीं प्रसव पीड़िता जयमाला ने कहा कि जब मंगलवार को जानकारी हुई कि हेल्थ एटीएम की स्थापना की गई है और उससे शीघ्र ही जांच रिपोर्ट मिल जाएगी तो खुशी हुई। इसी उम्मीद के साथ आई थी लेकिन मायूसी हाथ लगी। पहले की तरह ही जांच करानी पड़ी। जांच रिपोर्ट मिलने में लगभग चार घंटे लग गए।
महिला अस्पताल जलालपुर पहुंचीं भिटौरा उत्तर निवासी रेखा ने बताया कि जब हेल्थ एटीएम की स्थापना की गई है तो उसका संचालन भी शुरू कर देना चाहिए था। ब्लड प्रेशर व खून की जांच करानी थी। हेल्थ एटीएम का संचालन न होने से पहले की तरह ही जांच करानी पड़ी। जिम्मेदारों को चाहिए कि जल्द से जल्द इसका संचालन प्रारंभ हो।
कर्बला कासिमपुर निवासी अंजू खून की जांच के लिए सीएचसी नगपुर पहुंची थीं। बताया कि उम्मीद थी कि हेल्थ एटीएम से जांच कराने पर रिपोर्ट जल्दी मिल जाएगी लेकिन ऐसा नहीं हो सका। अस्पताल पहुंचकर पता चला कि हेल्थ एटीएम की स्थापना तो कर दी गई है लेकिन अभी इससे जांच नहीं हो रही है। ऐसे में अलग से जांच करानी पड़ी।
तीनों अस्पतालों में हेल्थ एटीएम की स्थापना कर उनकी टेस्टिंग का काम पूरा कर लिया गया है। शीघ्र ही समारोह पूर्वक उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद संचालन भी प्रारंभ कर दिया जाएगा।
-डॉ. संजय वर्मा, डिप्टी सीएमओ