मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करते जिला पंचायत अध्यक्ष साधू वर्मा।
अंबेडकरनगर। जिले के विकास को गति देने के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर उर्फ साधू वर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके लखनऊ स्थित आवास पर मुलाकात की। उन्होंने सीएम से पावर कॉपोरेशन में ओटीएस व्यवस्था फिर से लागू करने, राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में ट्राॅमा सेंटर खोलने के साथ विकास के कई कार्य कराने की मांग की।
सीएम से मिलकर लौटे जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि किसानों व कमजोर वर्ग के बिजली उपभोक्ताओं के हित को देखते हुए ओटीएस की व्यवस्था लागू की जाए। इससे उन्हें बकाया भुगतान करने में आसानी होगी। किसानों को ट्यूबेल कनेक्शन में छूट देने के साथ जिले के मेडिकल कॉलेज में ट्राॅमा सेंटर खोलने की मुख्यमंत्री से मांग की गई।
उन्होंने पूर्वांचल में प्रसिद्ध गोविंद साहब मेला को राजकीय मेला घोषित करने की मांग भी की। कहा कि इससे यहां आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को ज्यादा सुविधाएं मिल सकेंगी। टांडा में सरयू तट स्थित महादेवा घाट का सुंदरीकरण कराने तथा इलेक्ट्रानिक शवदाह गृह स्थापित करने, राजकीय एकलव्य खेल स्टेडियम में सुविधाएं बढ़ाने के साथ कोच की तैनाती करने, केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए शिक्षा विभाग को जल्द नोड्यूज जारी करने के लिए निर्देशित करने की मांग की। साधू वर्मा ने बताया कि सीएम ने विकास कार्यों को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया।