अंबेडकरनगर। पुरानी पेंशन बहाल करने के साथ अन्य मांगों को लेकर बृहस्पतिवार को शिक्षकों व कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट के निकट प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि जल्द उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो सरकार को वर्ष 2024 के चुनाव में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
प्रदर्शन के दौरान राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष सूर्यभान सिंह कहा कि पूरी जिंदगी सेवा देने के बाद बुढ़ापे में पेंशन ही कर्मचारियों के जीवन का आधार होती है। सरकार नई पेंशन स्कीम लाकर उसे छीन रही है। इससे कर्मचारियों व शिक्षकों का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा है।
सरकार को लाखों शिक्षकों व कर्मचारियों की वेदना को सुनना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि सरकार ने पुरानी पेंशन बहाल नहीं की तो लोकसभा चुनाव में भाजपा को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। अपनी मांगों को लेकर एसडीएम सदर को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर घनश्याम तिवारी, अनिल सिंह, रामचरन दुबे, गंगाराम गुप्त, अभिषेक, शिवकुमार मौर्य, रामसकल, माधुरी वर्मा, जयकेश, विभा सिंह, ओमकार पांडेय, माधव प्रसाद आदि मौजूद रहे।