जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे साइकिल सवार वृद्ध को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। मामला जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के गिरैया बाजार का है।
शनिवार सुबह शहाबुद्दीनपुर गांव निवासी शिव प्रसाद त्रिपाठी (62) भुजहिया माता मंदिर में दर्शन कर साइकिल से घर लौट रहे थे। गिरैया बाजार से सोलहवां गांव के मोड़ पर जैसे ही वह मुड़े तभी तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में शिवप्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सीएचसी जहांगीरगंज ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष विजय प्रताप तिवारी ने बताया कि आरोपी बाइक सवार को हिरासत में ले लिया गया है।