अंबेडकरनगर। अलग-अलग मार्ग हादसे में एक वृद्ध व महिला की मौत हो गई। पुलिस ने बाद में दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के मंगुराडिला सैराया निवासी संतराम चौहान (64) शनिवार सुबह करीब पांच बजे घर से बाइक लेकर आजमगढ़ स्थित रिश्तेदारी में जाने के लिए निकले थे। वे सरायमील के निकट पहुंचे थे तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची डायल 112 टीम ने उन्हें सीएचसी फूलपुर में भर्ती कराया। साथ ही परिजनोंं को जानकारी दी। आनन-फानन वहां पहुंचे परिजन प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लेकर जिला अस्पताल अकबरपुर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना अहिरौली थाना क्षेत्र की है। दुल्लापुर गांव निवासी सुशीला वर्मा (50) रविवार सुबह नौ बजे बाइक पर बैठकर रिश्तेदारी से घर आ रही थीं। बताया जाता है कि कटेहरी बाजार पहुंची थीं तभी अज्ञात चार पहिया वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। झटका लगने से सुशीला बाइक से नीचे गिर पड़ीं और उनके सिर में गंभीर चोटें आ गईं। आनन-फानन उन्हें कुछ दूर स्थित सीएचसी कटेहरी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष सुनील पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।