अंबेडकरनगर। आधार कार्ड को लेकर आम लोग परेशान हैं, लेकिन उसे लेकर बेफिक्री का माहौल है। बैंक से लेकर डाकघर के उच्चाधिकारी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने की तरफ ध्यान नहीं दे रहे। मंगलवार को टोल फ्री नंबर से लेकर कई अन्य नंबरों पर फोन किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। हालांकि जिला प्रशासन ने एक कमेटी बना दी है, जो जल्द ही बैंकों व डाकघरों के निरीक्षण पर निकलेगी।
आधार कार्ड बनवाने को लेकर जिले में आपाधापी का माहौल है। इन दिनों डाकघरों व बैंकों में ही यह सुविधा लोगों को मिल रही है। पहले जनसेवा केंद्रों पर भी जब यह सुविधा थी तब लोगों को थोड़ी राहत थी। अब डाकघर व बैंकों पर व्यवस्था पर पूरी तरह मामला केंद्रित हो जाने के बाद मुश्किलें बढ़ गई हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि इन जगहों पर अक्सर मशीनें खराब रहती हैं या फिर कर्मचारी आधार कार्ड बनाने व संशोधन में रुचि नहीं लेते हैं। अमर उजाला ने अधिकारियों को घंटी करने के लिए कुछ नंबर प्रकाशित किए थे। इन पर फोन करने के बाद भी कोई राहत नहीं मिल सकी।
मरुई ताजपुर निवासी आफताब ने बताया कि उन्होंने डिप्टी रजिस्ट्रार जनरल के लैंडलाइन फोन नंबर पर कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। टोल फ्री नंबर पर फोन करने के बाद कोई समाधान नहीं मिल पाया। केदारनगर निवासी राजेश ने कहा कि टोल फ्री नंबर 1947 पर घंटी की गई। इसमें लंबी प्रक्रिया का पालन करने के बाद भी बात नहीं हो पाई। इसी तरह जलालपुर के रामआसरे विश्वकर्मा ने बताया कि डिप्टी डायरेक्टर के लैंडलाइन फोन नंबर पर घंटी करने पर बात तो हुई लेकिन उधर से फोन रिसीव करने वाले ने कोई सकारात्मक जवाब नहीं दिया। इसी तरह कई अन्य उपभोक्ताओं ने भी मदद लेने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
उधर एडीएम डॉ सदानंद गुप्त ने कहा कि व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा रहा है। बैंक व डाक घर अधिकारियों के साथ जल्द ही बैठक कर जरूरी निर्देश दिए जाएंगे। औचक निरीक्षण भी इसे लेकर शुरू किया जा रहा है।