अंबेडकरनगर। हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट के बिना अब वाहन चलाना भारी पड़ेगा। 15 फरवरी से उपसंभागीय परिवहन विभाग ऐसे वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाएगा। मौजूदा समय में 1,80,000 से अधिक वाहन बगैर एचएसआरपी के चल रहे हैं। ऐसे में अब इन वाहनों के खिलाफ विभाग कार्रवाई करने की तैयारी में है।
परिवहन विभाग एचएसआरपी को लेकर अब सख्ती बढ़ाने जा रहा है। वर्ष 2019 से ही इस विशेष प्लेट को अनिवार्य किया गया है। नए वाहनों पर अब यह प्लेट लगाकर मिल रही है, लेकिन पुराने वाहनों पर अभी यह प्लेट नहीं लग सकी है।
लंबे समय से परिवहन विभाग का निर्देश है कि पुराने वाहनों पर भी इस प्लेट को लगाया जाए। इसके लिए वाहन स्वामी को ऑनलाइन आवेदन करना पड़ता है। जिले में मौजूदा समय में 3,60,385 वाहन हैं। इसमें बाइक, कार व अन्य सभी तरह के वाहन शामिल हैं।
विभाग के मुताबिक अब तक करीब 50 प्रतिशत वाहनों में एचएसआरपी प्लेट लगाया जा चुका है। लगातार आवेदन आ रहे हैं। सभी वाहन स्वामियों को निर्देश है कि अविलंब आवेदन कर इस नंबर प्लेट को लगवाना सुनिश्चित करें। मनमानी कर रहे वाहन स्वामियों के विरुद्ध परिवहन टीम अभियान भी चलाएगी। बगैर इस प्लेट के वाहन चला रहे स्वामियों पर 5,000 रुपये तक जुर्माना भी लगाया जाएगा।
बाइक नंबर प्लेट के लिए आवेदक को 336 रुपये का शुल्क ऑनलाइन आवेदन के समय जमा करना होता है। इसके अलावा चार पहिया व अन्य भारी वाहनों के लिए 740 रुपये का शुल्क लगता है। आवेदन के बाद वाहन स्वामी को यह नंबर प्लेट अपने निकटतम बाइक कंपनी की एजेंसी से प्राप्त होता है।