अंबेडकरनगर। कड़ाके की ठंड को देखते हुए डीएम के निर्देश पर इंटरमीडिएट तक के स्कूलों में 12 जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। इस बीच रविवार को भी मौसम अत्यंत खराब रहा। पछुआ हवा चलने के चलते गलन से लोग पूरे दिन ठिठुरते रहे।
तापमान में गिरावट का दौर रविवार को भी जारी रहा। पछुआ हवा चलने के चलते गलन में कोई कमी नहीं हुई। दोपहर बाद कुछ देर के लिए धूप तो निकली लेकिन फिर भी गलन में कम नहीं हुआ। ऐसे में ठंड को देखते हुए डीएम सैमुअल पॉल एन के निर्देश पर 12 जनवरी तक इंटरमीडिएट तक के विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया।
डीआईओएस मनोज गिरि ने बताया कि विद्यालयों में 12 जनवरी तक छुट्टी रहेगी। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा व प्री-बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारियों पर असर नहीं पड़ना चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार का परिवर्तन नहीं होगा।
इस बीच रविवार को भी गलन ने लोगों को ठिठुरने को मजबूर कर दिया। ज्यादातर लोग घरों में ही कैद रहे। इसके चलते बाजारों में ज्यादातर समय सन्नाटा ही पसरा रहा। अकबरपुर नगर के अलग-अलग क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते दिखे।