अंबेडकरनगर। कोटे की दुकानों से अब कार्डधारियों की सेहत सुधारने को पोषणयुक्त चावल वितरित किया जाएगा। राइस मिलों से तैयार होने वाला यह पोषणयुक्त चावल 1126 कोटेदारों के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके लिए जिले में संचालित सभी 76 राइस मिलों को ऐसी मशीन लगाना अब जरूरी होगा, जिससे कुपोषण से बचाने वाला आयरन, विटामिन बी तथा फॉलिक एसिड वाला पोषणयुक्त चावल तैयार हो सके। इसके लिए नए सत्र में होने वाली सरकारी धान की खरीद से पहले ही राइस मिलों पर संबंधित मशीनों को लगवाने की कवायद चल रही है। इसके तहत उन्हीं राइस मिलरों को कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) के लिए संबद्ध किया जाएगा, जहां पर ब्लैंडिंग मशीन लगी होगी।
सेहत सुधारने के लिए परिषदीय विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों पर दोपहर के भोजन में प्रयोग होने वाले चावल पहले ही सूक्ष्म पोषक वाले चावल इस्तेमाल हो रहे हैं। प्रशासन ने अब सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत कोटे से जुड़े उपभोक्ताओं की सेहत को भी बेहतर बनाए रखने के लिए उन्हें पोषणयुक्त चावल वितरित कराने का फैसला किया है।
इसके तहत जल्द ही जिले में संचालित कोटे की 1126 दुकानों पर वितरण के लिए पोषणयुक्त चावल की सप्लाई सुनिश्चित करायी जाएगी। इसके लिए जिले के सभी 76 राइस मिलों को निर्देशित किया गया है कि वह धान खरीद सीजन शुरू होने से पहले मिलों में ब्लेंडिंग मशीन जरूर लगा लें।
इस मशीन की मदद से साधारण चावल में एक प्रतिशत सूक्ष्म पोषकतत्व युक्त चावल मिलाया जाता है। प्रशासन ने निर्देश दिया है कि इस बार सरकारी खरीद से उन्हीं राइस मिलों को जोड़ा जाएगा जिन्होेंने ब्लेंडिंग मशीन लगायी होगी। साथ ही एफसीआई भी उन्हीं राइस मिलों का चावल लेगा जिन्होंने फोर्टिफाइड चावल तैयार किया होगा।
क्या होता है पोषणयुक्त चावल
फोर्टिफाइड चावल का अर्थ है सूक्ष्म पोषकतत्व युक्त चावल। ऐसे चावल में आम चावल की तुलना में आयरन, विटामिन बी कांप्लेक्स व फालिक एसिड की मात्रा अधिक होती है। इसके सेवन से शरीर में जहां आयरन की कमीं दूर होती है, वहीं विटामिन बी की कमी से होने वाले रोग भी दूर होते हैं। इसके अलावा कुपोषण जैसी बीमारी को भी दूर किया जा सकता है। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विजय तिवारी ने बताया कि फोर्टिफाइड चावल का सेवन वर्षभर किया जा सकता है। इसमें पोषकतत्वों की भरपूर मात्रा होती है। एक किग्रा. फोर्टिफाइड चावल में आयरन की मात्रा 28 से 42.5 मिग्रा., फॉलिक एसिड 75 से 125 माइक्रो ग्रा., विटामिन बी-12 की मात्रा .75 से 1.25 माइक्रो ग्राम होती है। इसके अलावा विटामिन ए 500 से 700 माइक्रो ग्राम, विटामिन बी टू 1.25 से 1.75 मिग्रा., विटामिन ए थ्री 12.3 से 20 मिग्रा. व विटामिन बी सिक्स की मात्रा 1.5 से 2.5 मिग्रा. होती है।
जिले के सभी 76 राइस मिलरों को निर्देशित किया गया है कि वह शीघ्र ही अपने यहां ब्लैंडिंग मशीन लगा लें। इस बार उन्हीं राइस मिल को क्रय केंद्र से संबद्ध किया जाएगा, जिन्होंने नयी मशीन लगाई होगी। इसके अनुपालन में मिलों में तेजी से मशीनें लगाई जाने लगी हैं।
राजेश कुमार, खाद्य एवं विपणन अधिकारी