जमुनीपुर (अंबेडकरनगर)। माइनर में पर्याप्त पानी न होने से टेल तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है, इससे सिंचाई के लिए माइनर पर निर्भर धान किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में दरारें पड़ रही हैं, ऐसे में धान की फसल खराब होने का अंदेशा है। शनिवार को जमुनीपुर व इर्दगिर्द के अन्य गांव के ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग के जिम्मेदारों से शिकायत दर्ज कराते हुए तत्काल समस्या दूर किए जाने की मांग की।
मालूम हो कि जमुनीपुर, लोदीपुर, अरिया, सैदापुर, रम्मनपुर, महावां, सुल्तानपुर, रसूलपुर, पसियापारा, दहीरपुर, रगड़गंज समेत दो दर्जन से अधिक गांवों के लगभग पांच हजार किसान सिंचाई के लिए शारदा सहायक नहर से निकली माइनर पर निर्भर हैं। मौजूदा समय में धान की रोपाई की जा चुकी है, उसकी सिंचाई अत्यंत आवश्यक है। ऐसी दशा में माइनर में पर्याप्त पानी नहीं है। इससे टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। नतीज यह है कि संबंधित किसानों के सामने सिंचाई का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। किसानों का कहना है कि एक तो बारिश नहीं हो रही, उस पर से माइनर में पानी नहीं है। इससे समय पर सिंचाई नहीं हो रही। इससे धान की फसल को नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है।
जमुनीपुर के मनोज कुमार व शैलेंद्र ने कहा कि माइनर में पर्याप्त पानी नहीं है। सिंचाई के अभाव में खेतों में दरारें पैदा होने लगी हैं। धान की फसल खराब होने की कगार पर पहुंच गई है। यदि समय रहते सिंचाई नहीं हुई तो किसानों को बड़ी आर्थिक चपत लगेगी। लोदीपुर के रामजीत व भगवानपुर के मिश्रीलाल ने कहा कि इस संबंध में जिम्मेदारों से कई बार शिकायत दर्ज कराई गई लेकिन कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है।