अंबेडकरनगर। जिले में डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को जहां जिले में डेंगू से पीड़ित 52 मरीज थे तो वहीं मंगलवार को इनकी संख्या बढ़कर 61 हो गई है। संबंधित मरीजों का इलाज सुचारु रूप से घरों पर ही किया जा रहा है।
बदलते मौसम के बीच डेंगू का प्रकोप तेजी से जिले में फैल रहा है। लगभग प्रतिदिन डेंगू से पीड़ित नए मरीज सामने आ रहे हैं। मंगलवार को डेंगू के नौ नए मरीज सामने आए। सीएमओ कार्यालय के अनुसार सोमवार को जिले में डेंगू के 52 मरीज थे। मंगलवार को इनकी संख्या बढ़कर 61 हो गई।
सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा ने बताया कि मौजूदा समय में डेंगू के 61 मरीज हैं। इस पर अंकुश लगाने के लिए बेहतर सफाई की सख्त जरूरत है। ऐसे में आमजन की भी जिम्मेदारी है कि न सिर्फ स्वयं सफाई रखें बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। बताया कि डेंगू का कोई भी मरीज किसी भी सरकारी अस्पताल में भर्ती नहीं है। घर पर ही रहकर वह इलाज करा रहा है।