जलालपुर (अंबेडकरनगर)। कोतवाली क्षेत्र जलालपुर के वाजिदपुर स्थित एक अस्पताल में बुधवार सुबह इलाज के दौरान नवजात की मौत हो गई। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी होते ही डॉयल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित चिकित्सक व पीड़ित परिजनों को लेकर कोतवाली चली गई।
आजमगढ़ जनपद के थाना क्षेत्र पवई के खड़ोरा गांव निवासी पिंटू की पत्नी सीमा पखवाड़े भर से थाना क्षेत्र मालीपुर के ताहापुर मिश्राना गांव स्थित मायके में रह रही थी। मंगलवार को प्रसव पीड़ा के बाद घरवालों ने उसे बड़ेपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
देर शाम उसे सामान्य प्रसव से पुत्र पैदा हुआ। कुछ देर बाद चिकित्सक ने बताया कि नवजात की तबियत ठीक नहीं है। ऐसे में उसे वाजिदपुर स्थित एक दूसरे निजी अस्पताल में भर्ती कराना होगा।
परिजन बच्चे को लेकर संबंधित निजी अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने इलाज शुरू कर दिया। बुधवार सुबह जब पिंटू ने चिकित्सक से बच्चे के बारे में पूछा तो बताया गया कि वह पूरी तरह से ठीक है। हालांकि एक घंटे बाद ही चिकित्सक ने कहा कि तबियत में सुधार नहीं हो रहा है। ऐसे में इसे शाहगंज ले जाना होगा।
इस पर पिंटू उस कक्ष में पहुंच गया जहां नवजात को भर्ती किया गया था। यह देखकर वह सन्न रह गया कि बच्चे की मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिजनों ने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही बरते जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
इस बीच जानकारी होते ही डॉयल 112 टीम मौके पर पहुंची। संबंधित चिकित्सक व पीड़ित पक्ष को कोतवाली लेकर चली गई। कोतवाल संतकुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से मामले की जानकारी ली जा रही है। तहरीर मिलते ही जरूरी कार्रवाई की जाएगी।