अंबेडकरनगर। राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर के औचक निरीक्षण पर पहुंचे डीएम अविनाश सिंह को कदम-कदम पर बदहाली मिली। मरीजों के लिए उपलब्ध होने वाली मूलभूत सुविधाएं बदहाल मिलीं। दवाओं का पर्याप्त स्टॉक नहीं था तो कई प्रोफेसर व असिस्टेंट प्रोफेसर भी नदारद थे। छात्र-छात्राओं की संख्या भी कक्षा में कम दिखी। कॉलेज की बदहाल हाल पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई।
मेडिकल कॉलेज में डीएम सबसे पहले ओपीडी पहुंचे। यहां पर चिकित्सक अपने कक्षों में मौजूद मिले। प्राचार्य ही मौके पर अनुपस्थित पाए गए। जरनल वार्ड की जांच में शौचालय, पंखे व साफ-सफाई व्यवस्था बदहाल मिली। दवा वितरण कक्ष में पर्याप्त दवाइयां नहीं थीं जबकि साथ गए एडीएम डॉ. सदानंद गुप्त के निरीक्षण में पाया गया कि स्टोर कक्ष में पर्याप्त दवाइयां रखी हैं। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। मातृ एवं शिशु विंग में पहुंचे डीएम ने वहां मौजूद महिलाओं से मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि एक्सरे तो होता है लेकिन रिपोर्ट प्रिंट कर नहीं मिलती। प्रिंटर लंबे समय से खराब पड़ा है। डीएम ने इसे तत्काल दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।
कॉलेज कैंपस में चहुंओर गंदगी का आलम मिला। मेडिकल कॉलेज की बदहाल दशा को जल्द से जल्द सुधारने के लिए डीएम ने प्रभारी अधिकारी अधिष्ठान डॉ. मुकेश राना, प्रभारी अधिकारी आउट सोर्स डॉ. रंजीत कुमार को तत्काल अव्यवस्थाओं को दूर कराने का निर्देश दिया। इस मौके पर सीडीओ अनुराज जैन, एसडीएम पवन जायवसवाल, तहसीलदार जेपी यादव, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार द्विवेदी आदि मौजूद रहे।