अंबेडकरनगर। तहसील क्षेत्र टांडा के ऐनवां में बीडीसी पद पर हुए उपचुनाव में नरेंद्रदेव मौर्य ने बाजी मारी। उन्होंने खुशबू को 77 वोट से पराजित किया। नरेंद्रदेव को 336 मत मिले जबकि खुशबू को 259 वोट मिले। इससे पहले ब्लाॅक परिसर टांडा में मतगणना के दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
ऐनवां में क्षेत्र पंचायत सदस्य के एक पद के लिए हुए उपचुनाव में शुक्रवार को कांटे की टक्कर देखने को मिली। गौरतलब है कि गुरुवार को दो मतदान केंद्रों के तीन बूथों पर मतदान हुआ था। 1577 मतदाताओं की तुलना में 612 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया था। शुक्रवार को ब्लाॅक मुख्यालय टांडा पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना सुबह आठ बजे से प्रारंभ हुई।
मतगणना समाप्त हुई तो जीत का सेहरा नरेंद्रदेव मौर्य के सिर बंधा। जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी डॉ. महेशचंद्र द्विवेदी ने बताया कि नरेंद्रदेव ने 336 वोट पाकर जीत दर्ज की। खुशबू को 259वोट मिले। 17 वोट विभिन्न गड़बड़ियों के चलते रद्द कर दिए गए। बाद में जीत हासिल करने वाले नरेंद्रदेव को प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराया गया।