श्रवणक्षेत्र (अंबेडकरनगर)। ऐतिहासिक व धार्मिक श्रवणक्षेत्र के नाम पर दो फरवरी से शिवबाबा धाम में पांच दिवसीय श्रवणक्षेत्र महोत्सव की भव्य शुरुआत होगी। इसमें अलग-अलग दिन विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसमें स्थानीय व बाहरी कलाकारों को मौका मिलेगा। आयोजन को सफल बनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
धार्मिक नगरी अयोध्या में सांस्कृतिक विस्तार को देखते हुए अब पड़ोसी जनपद अंबेडकरनगर में भी इसका असर देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में धार्मिक महत्व वाले श्रवणक्षेत्र के नाम पर महोत्सव की शुरुआत पहली बार होने जा रही है।
कटेहरी विकास खंड का जो स्थान श्रवणक्षेत्र धाम के नाम से प्रसिद्ध है, वहां को लेकर मान्यता है कि राजा दशरथ के शब्दभेदी बाण से उस समय श्रवण कुमार की मौत हो गई थी जब वे अपने दिव्यांग माता-पिता को लेकर तीर्थाटन पर निकले थे।
श्रवणक्षेत्र में वर्ष में कई बार बड़ी तादाद में लोग मेले व अन्य मौकों पर जुटते हैं। इसे पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित करने की कोशिशें चल रही हैं।
अब श्रवणक्षेत्र के नाम से पांच दिवसीय महोत्सव की शुरुआत अकबरपुर नगर के निकट पवित्र शिवबाबा धाम में दो फरवरी से होने जा रही है। आयोजकों ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
श्रवणक्षेत्र महोत्सव न्यास के अध्यक्ष डॉ. अनुपम पांडेय ने बताया कि समारोह की शुरुआत 2100 महिलाओं के दुखदुरिया कार्यक्रम से होगी। सांस्कृतिक विभाग की तरफ से भजन संध्या एक शाम रामजी के नाम कार्यक्रम होगा।
तीन फरवरी को रन फॉर कल्चर के तहत हॉफ मैराथन होगी जबकि इसी दिन भारतीय परिधान में फैशन मॉडलिंग शो तथा अवधी संध्या का आयोजन होगा। चार फरवरी को सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ, अंबेडकरनगर आइडल तथा अखिल भारतीय कवि सम्मेलन होगा।
पांच फरवरी को श्रवण कुमार संगोष्ठी, संत सम्मान, अंबेडकरनगर आइडल सेमी फाइनल, शास्त्रीय संध्या व इंडिया गरबा नाइट होगा। छह फरवरी को अंतिम दिन फोक अवार्ड शो, श्रवण क्षेत्र सम्मान, अंबेडकरनगर आइडल ग्रेंड फिनाले, कला साधक सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे।