अंबेडकरनगर। अल्ट्रासाउंड के लिए जिला अस्पताल जाने वाले मरीजों को बुधवार को तगड़ा झटका लगा। दरअसल एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट के तौर पर तैनात डॉ. पीएन यादव 15 दिन के लिए अवकाश पर चले गए। इससे बुधवार को अल्ट्रासाउंड जांच पूरी तरह ठप हो गई। नतीजतन 35 मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की कमी का खामियाजा मरीजों व उनके तीमारदारों को आए दिन भुगतना पड़ रहा है। दरअसल रेडियोलॉजिस्ट के दो पद सृजित हैं। इनमें से मात्र एक पद पर डॉ. पीएन यादव की तैनाती है। ऐसे में इनके अवकाश पर जाने या फिर अन्यत्र ड्यूटी लगने की दशा में अल्ट्रासाउंड जांच प्रभावित हो जाती है।
बुधवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ। डॉ. पीएन यादव एक पखवाड़े के लिए अवकाश पर चले गए। इससे बुधवार को जांच का काम पूरी तरह से ठप रहा। नतीजा यह रहा कि जांच के लिए खराब मौसम के बीच 35 मरीज जिला अस्पताल पहुंचे लेकिन उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा।
उधर, सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट एक पखवाड़े के लिए अवकाश पर गए हैं। ऐसे में 15 दिन जांच नहीं हो सकेगी।