अंबेडकरनगर। खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए शनिवार को कई क्षेत्रों में छापे पड़े। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने चार नमूने एकत्र किए जो जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके उपाध्याय के नेतृत्व में टीम ने कलेक्ट्रेट गेट के सामने गुप्ता स्वीट हाउस पर छापा डाला। यहां से मिलावट के संदेह में खोवा का नमूना एकत्र किया।
टीम इसके बाद हजपुरा चौराहे पहुंची। वहां सतगुरु स्वीट हाउस से मिलावट की आशंका में बर्फी का भी नमूना लिया। खाद्य टीम ने जमालपुर चौराहा पहुंचकर मोहम्मद अकमल के किराना की दुकान से एक ब्रांड की नमकीन का नमूना तथा अंकित गुप्ता के किराना की दुकान से मसूर दाल का नमूना एकत्र किया।
टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाब चंद्र गुप्त, अखिलेश कुमार मौर्य, पुरंदर यादव, मनीषा सिंह, हंसराज प्रसाद और आदर्श प्रताप शामिल रहे।