अंबेडकरनगर। प्रसिद्ध लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने कहा कि नोटिस से कदम डिगने वाले नहीं हैं। वे पुरानी पेंशन योजना को लेकर नया गीत सामने लाने पर काम कर रही हैं। अकबरपुर नगर के शहजादपुर स्थित अपनी ससुराल पहुंचीं नेहा ने खास बातचीत में कहा कि भारत का संविधान मेरे साथ है। देश की जनता मेरे साथ है। संविधान ने यह अधिकार दे रखा है कि हम मजबूती से सरकार से सवाल पूछें। व्यवस्था की नाकामी पर सवाल खड़ा करें। लोगों के अधिकार की खुल कर बात करें। और जनता से किए गए वादे याद दिलाएं। मैं तो यही कर रही हूं।
किसी भी कवि, साहित्यकार, गीतकार आदि का यही धर्म है कि वह आम लोगों की आवाज बुलंद करे। यही धर्म मैं निभा रही हूं। आज जब सरकारी कवि बन लोग पुरस्कार पाने की होड़ में जुटे हैं तब मुझे अपने उन भाई, बहनों की फिक्र है, जिन्हें रोजगार की जरूरत है। जिन्हें न्याय की जरूरत है। जिन्हें मंहगाई से बचाने की जरूरत है। जिनको अधिकार चाहिए।
नेहा ने कहा कि आम लोगों की आवाज उठाने पर नोटिस मिलती है तो मिले। मैं कदम रोकने वाली नहीं। जल्द ही मैं पुरानी पेंशन योजना से संबंधित एक नया गीत सामने ला रही हूं। इसकी तैयारी चल रही है। नेहा ने सवाल के जवाब में बताया कि उन्होंने कानपुर पुलिस को जो जवाब भेजा था, उसके बाद से पुलिस ने कोई संपर्क नहीं किया है।
लोक गायिका ने कहा कि ऐसी बेसिर पैर की नोटिस से हमारे हौसले डगमगाने वाले नहीं हैं। मेरे पति की नौकरी भी इसी नोटिस के बाद गई है लेकिन उससे हम विचलित नहीं। नेहा ने शुक्रवार को अपने ससुर की पेंट शॉप से फेसबुक लाइव किया। कहा कि अब हिमांशु के साथ मिलकर इस तरफ भी ध्यान देने की जिम्मेदारी निभाएंगे।