टांडा (अंबेडकरनगर)। अलीगंज थाने के मखदूमनगर में पोल्ट्रीफार्म में सो रहे व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। एसपी व एएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें बनाई है।
मखदूमनगर निवासी आस मोहम्मद उर्फ बब्बन (55) शुक्रवार देर रात अपने घर पर खाना खाने के बाद रोज की तरह घर से 200 मीटर दूर स्थित अपने पोल्ट्रीफार्म में सोने के लिए चले गए। शनिवार की सुबह परिजन पोल्ट्रीफार्म पहुंचे तो वहां आस मोहम्मद का शव बिस्तर पर खून साथ लथपथ पड़ा मिला। उनकी गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई थी। थानाध्यक्ष के बाद एसपी डॉ.कौस्तुभ ने भी एएसपी विशाल पांडेय के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए।
सीडीआर से उम्मीद
पुलिस ने दिवंगत के मोबाइल नंबर का सीडीआर मंगवाया है। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास घटना वाली रात क्रियाशील संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कुंडली खंगाली जा रही है। कारण यह कि परिजन भी घटना को लेकर कोई जानकारी नहीं दे पाए हैं। पुलिस अधिकारियों की मानें तो घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज की जांच की जा रही है।
जल्द कर दिया जाएगा खुलासा
पुलिस की तीन टीमों को हत्या के खुलासे के लिए लगाया गया है। जल्द ही हत्यारे को पकड़ लिया जाएगा। -विशाल पांडेय, एएसपी पश्चिमी