जलालपुर (अंबेडकरनगर)। छह दिन पहले सेवानिवृत्त शिक्षक व कांग्रेस नेता महली राजभर की पिटाई से मौत के मामले में पुलिस अभी एक भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। दिवंगत के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने फत्तेपुर मोहिबपुर निवासी दो पुरुष व चार महिलाओं के खिलाफ गैर इरादन हत्या का केस दर्ज किया था।
गत आठ मई को फत्तेपुर मोहिबपुर गांव निवासी कांग्रेस नेता महली राजभर अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी के विरोध में विपक्षी अजय कुमार, अभिषेक कुमार, ममता देवी, यशोदा देवी, रामआशीष की पत्नी व अजय की पत्नी ने उनकी पिटाई कर दी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
पुलिस ने इस घटना में कुल छह लोगों के खिलाफ गैर इरादन हत्या का केस तो दर्ज किया है लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। कोतवाल संत कुमार सिंह ने बताया कि तलाश जारी है, जल्द गिरफ्तारी होगी।