जलालपुर (अंबेडकरनगर)। नगर स्थित नरेंद्र देव इंटर कॉलेज में बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को ग्राम प्रधानों व सदस्यों की ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें पंचायत प्रतिनिधियों को बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से संचालित विभिन्न कार्यक्रमों, योजनाओं व सरकार द्वारा डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, स्कूल बैग व स्टेशनरी क्रय के बारे में जानकारी प्रदान की गई।
मुख्य अतिथि पूर्व सांसद व एमएलसी हरिओम पांडेय ने कार्यक्रम का शुुभारंभ करते हुए कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों की शैक्षिक गुणवत्ता में व्यापक सुधार हुआ है। पहले संसाधनों का अभाव था।
भाजपा सरकार ने मिशन कायाकल्प जैसी योजनाओं द्वारा स्कूलों के भौतिक सुधार के साथ शिक्षा की गुणवत्ता में भी व्यापक सुधार पर बल दिया है। इसके परिणाम स्वरूप अब बेसिक स्कूलों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है। समस्त विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्षों व प्रधानों से बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कायाकल्प योजना के तहत विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण व अभिभावकों के खातों में भेजी गई धनराशि से बच्चों के लिए निर्धारित सामग्री खरीदने के लिए अभिभावकों से अपील भी की। एसडीएम हरिशंकर लाल ने विद्यालयों में गुणवत्तापरक शिक्षा पर जोर दिया।
कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के साथ-साथ उन्हें रचनात्मकता से भी जोड़ा जाए। बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की दशा में काफी सुधार आया है। इस मौके पर खंड शिक्षाधिकारी केपी सिंह, बलराम सिंह, लखमी चंद्र आदि मौजूद रहे।