अंबेडकरनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नगरीय क्षेत्र के 1893 पात्रों के खाते में प्रथम व तृतीय किस्त के रूप में 946 लाख रुपये शनिवार को भेज दिए गए। नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के अधिकारियों ने संबंधित पात्रों को तेजी के साथ आवास का निर्माण कराने का निर्देश दिया है। कहा कि इस राशि का समुचित इस्तेमाल करने के बाद प्रमाण पत्र देने पर ही अगली किस्त का भुगतान किया जाएगा।
डूडा की तरफ से आवास योजना की प्रथम किस्त के तौर पर 1236 लाभार्थियों के खाते में 618 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। इसमें सबसे ज्यादा नगर पालिका परिषद टांडा के 1066 लाभार्थियों के खाते में 50 हजार रुपये की दर से 533 लाख भेजे गए। जलालपुर के 40 पात्रों के खाते में 20 लाख, नगर पंचायत जहांगीरगंज के 53 पात्रों के खाते में 26.5 लाख, राजेसुल्तानपुर के 25 लाभार्थियों को 12.5 लाख, इल्तिफातगंज के 22 लाभार्थियों को 11 लाख, किछौछा नगर पंचायत के 30 लाभार्थियों को 15 लाख रुपये का भुगतान किया गया।
तृतीय किस्त के रूप में 657 लाभार्थियों को 328 लाख रुपये का भुगतान किया गया। इसमें टांडा के 494 लाभार्थियों को 246.5 लाख, इल्तिफातगंज के 87 पात्रों को 43.5 लाख, जलालपुर के 76 लाभार्थियों को 38 लाख रुपये का भुगतान किया गया। अपर एसडीएम एवं डूडा के प्रभारी अधिकारी मोहनलाल गुप्त ने बताया कि कुल 1893 लाभार्थियों को प्रथम व तृतीय किस्त का लाभ दिया गया है।