अंबेडकरनगर। प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार सरदार वल्लभ भाई पटेल के सपनों को पूरा कर रहे हैं। अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाने का बड़ा काम सरदार पटेल की सोच के अनुरूप ही हुआ। वे अकबरपुर नगर में कलेक्ट्रेट के निकट तथा लारपुर के सरदार पटेल इंटर कॉलेज में आयोजित अलग-अलग कार्यक्रमों को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
लारपुर में आयोजित कार्यक्रम में जल शक्ति मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने हमेशा श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना की। उन्हें कभी किसी पद की इच्छा नहीं हुई। प्रधानमंत्री तक के पद को उन्होंने सिर्फ इसलिए नहीं स्वीकारा, क्योंकि वे देश को एकजुट रखने व मजबूत बनाए रखने पर ज्यादा काम करना चाहते थे। अब उनके सपनों को पीएम नरेंद्र मोदी पूरा कर रहे हैं।
कश्मीर की समस्या का जो हल पहले हो सकता था वह सरदार पटेल की सोच के अनुरूप अब प्रधानमंत्री ने पूरा किया है। पीएम के साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पटेल जैसे आदर्शों के अनुरूप पूरी मजबूती से सबको साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं। एकता व अखंडता को चुनौती देने वाली ताकतों को सबक सिखाया जा रहा है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे सकारात्मक भूमिका का निर्वहन करते हुए आगे बढ़ें। विद्यालय संरक्षक कमला प्रसाद वर्मा व प्रबंधक डॉ. नंदलाल चौधरी ने मंत्री का माल्यार्पण कर स्वागत किया। अजय वर्मा के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेताओं के अलावा प्रधानाचार्य संदीप कुमार वर्मा, डॉ. रामउजागिर वर्मा, अजय कुमार, उमेशचंद्र चौधरी, बृजेश चौधरी, दिनेश कुमार, सत्येंद्र वर्मा व रमेशचंद्र वर्मा आदि मौजूद रहे।
यहां से निकलकर मंत्री अकबरपुर नगर में कलेक्ट्रेट के निकट भाजपा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। यहां भी उन्होंने सरदार पटेल के साथ ही डॉ. लोहिया व डॉ. आंबेडकर के आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अब गुंडे मवालियों का दौर नहीं रहा। अब ईमानदारी से राजनीति, नौकरी व व्यापार करने वालों को ही सम्मान मिलेगा। अब परिश्रम व विज्ञान की पूजा हो रही है। इस मौके पर एमएलसी हरिओम पांडेय, जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष साधू वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष कपिलदेव वर्मा, अकबरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सरिता गुप्त, पूर्व मंत्री धर्मराज निषाद, पूर्व विधायक अनीता कमल आदि मौजूद रहे।