अंबेडकरनगर। कोरोना वायरस से निपटने के लिए मंगलवार को मातृ शिशु विंग व राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर समेत छह अस्पतालों में मॉक ड्रिल हुआ। प्रदेश से नामित नोडल अधिकारी संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य अयोध्या मंडल डॉ. आरके सक्सेना ने अधिकारियों के साथ मातृ शिशु विंग टांडा में मॉक ड्रिल का जायजा लिया। ऑक्सीजन प्लांट के साथ ही बेड पर पहुंचकर आक्सीजन प्रेशर व मॉनीटर का निरीक्षण किया। जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि कोरोना से निपटने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं।
संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य अयोध्या मंडल डॉ. आरके सक्सेना की देखरेख में मातृ शिशु विंग टांडा में मॉक ड्रिल हुआ। सांकेतिक रूप से कोरोना संक्रमित को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों की टीम ने उसका इलाज किया। इसके बाद ठीक होने पर तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उसे डिस्चार्ज किया गया।
संयुक्त निदेशक ने इसके बाद सभी बेड पर पहुंचकर ऑक्सीजन के प्रेशर व मॉनीटर का जायजा लिया। आक्सीजन प्लांट के निरीक्षण के बाद उन्होंने जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। कोविड प्रोटोकॉल का पूरी सख्ती से पालन कराया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इस दौरान सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा, डिप्टी सीएमओ डॉ. आशुतोष सिंह आदि मौजूद रहे। इसके अलावा टांडा स्थित पीपीसी सेंटर, राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर, सीएचसी भियांव, जलालपुर व भीटी में भी मॉक ड्रिल हुआ।
कोविड प्रोटोकॉल का करें पालन
सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा व डिप्टी सीएमओ डॉ. आशुतोष सिंह ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। घर से बाहर निकलने के लिए मास्क जरूर लगाएं। समय-समय पर खुद को सैनिटाइज करते रहें। आश्वस्त करते हुए कहा कि सभी अस्पतालों में पर्याप्त दवाएं उपलब्ध हैं। जांच की भी सुविधा है। ऐसे में यदि जरा भी संदेह हो तो तत्काल जांच कराएं।