सया में गर्भवती की गोदभराई करते मंत्री।
भीटी (अंबेडकरनगर)। प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण ने सोमवार को यहां प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाई। कहा कि राज्य सरकार तेजी से समाज के सभी वर्गों को योजनाओं का लाभ दे रही है। मंत्री ने यहां एक जिला एक उत्पाद के लाभार्थियों को डेमो चेक देने के साथ ही अभ्युदय योजना का लाभ उठा रहे विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र भी सौंपा।
समाज कल्याण मंत्री ने ग्रामर्षि पं रामकुमार पांडेय ग्रामोदय आश्रम स्नातकोत्तर महाविद्यालय वीरसिंहपुर सरैया में प्रबुद्धजन, उद्यमियों, छात्र-छात्राओं तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के साथ सहभागिता कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने यहां महाविद्यालय परिसर में अलग अलग विभागों द्वारा लगाए गए स्टाॅल का निरीक्षण किया। दो महिलाओं की गोदभराई व दो बच्चों का अन्नप्राशन कराया। मंत्री ने विभाग की योजनाओं के जरिए पात्रों को दिए जा रहे लाभ पर विस्तार से प्रकाश डाला। कहा कि इन योजनाओं ने आम लोगों का जीवनस्तर ऊंचा उठाया है। समाज कल्याण विभाग एक तरफ जहां कमजोर व जरूरतमंदों को तेजी से लाभ पहुंचा रहा है तो वहीं अन्य विभाग पात्रों को उनका हक दिला रहे हैं।
मंत्री ने आगामी उपचुनाव में भाजपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि विकास कार्यों व जनहितकारी नीतियों के चलते आम जनता भाजपा के साथ है। उन्होंने प्रदेश के तेजी से विकास के पथ पर बढ़ने तथा युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों व उद्यमियों को मिलने वाले लाभ के बारे में लोगों को बताया। इस मौके पर बीजेपी जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी, एमएलसी हरिओम पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा, वरिष्ठ नेता अवधेश द्विवेदी, रमाशंकर सिंह समेत कई विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।