सम्मनपुर में मेडिकल स्टोर को सील करती टीम।
अंबेडकरनगर। अयोध्या मंडल के सहायक आयुक्त औषधि सुमित कुमार वर्मा की अगुवाई में टीम ने सम्मनपुर बाजार में बिना लाइसेंस के संचालित एक मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। स्टोर में रखीं करीब एक लाख रुपये की दवाओं को टीम ने जब्त कर लिया है। संदिग्ध मिली तीन दवाओं के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
सहायक आयुक्त औषधि के मुताबिक आईजीआरएस पोर्टल पर गत दिनों एक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता ने सम्मनपुर में बिना लाइसेंस के मेडिकल स्टोर का संचाचन किए जाने की सूचना दी थी। उन्होंने मंगलवार को औषधि निरीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह के साथ मेडिकल स्टोर पर जांच की। जांच में संचालक रवि के पास लाइसेंस संबंधी कोई कागजात नहीं मिले। इस पर मेडिकल स्टोर को सीज करने के साथ दवाएं कब्जे में ले ली गईं। संदिग्ध मिली दवाओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।