अंबेडकरनगर। मिड-डे-मील के लिए अब राशन की डोर स्टेप डिलेवरी की जाएगी। अप्रैल, मई व जून माह का खाद्यान्न जल्द ही 1126 कोटेदारों को मिल जाएगा। वहीं जिन विद्यालयों के प्रधानाध्यापक व ग्राम प्रधान अप्रैल व मई माह में स्कूल बंद होने से पहले तक एमडीएम बनवा चुके हैं, उन्हें राशन मिल जाएगा।
एमडीएम योजना के तहत विद्यालयों को उपलब्ध होने वाला खाद्यान्न अब डोर स्टेप योजना के तहत उपलब्ध कराया जाएगा। गोदाम से सीधे कोटेदार तक खाद्यान्न पहुंचाया जाएगा। इसके बाद कोटेदार उसे संबंधित विद्यालयों को उपलब्ध कराएंगे। मालूम हो कि 2030 विद्यालयों में एमडीएम योजना का संचालन हो रहा है। इसका 2,35000 छात्र-छात्राओं को लाभ मिल रहा है।
अब तक एमडीएम योजना के तहत खाद्यान्न विद्यालयों को उपलब्ध कराने के लिए कोटेदारों को गोदाम तक की दौड़ लगानी पड़ती थी। अक्सर ऐसा होता था कि कोटेदार एक दो क्विंटल खाद्यान्न गोदाम से लाने में असमर्थता व्यक्त देते थे जिससे संबंधित विद्यालय में एमडीएम योजना प्रभावित होती थी। इसका खामियाजा छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ता था। गौरतलब है कि राशन कार्ड उपभोक्ताओं के लिए कोटे से खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए डोर स्टेप डिलेवरी योजना पहले से ही संचालित है। अब स्कूलों को भी इससे जोड़ा जा रहा है। (संवाद)
कोटेदारों को भी मिलेगी राहत
बीएसए कार्यालय के अनुसार पहली बार डोर स्टेप डिलेवरी योजना के तहत तीन माह का खाद्यान्न कोटेदारों को उपलब्ध कराया जाएगा। अप्रैल, मई व जून माह का खाद्यान्न शीघ्र ही योजना के तहत कोटे तक पहुंच जाएगा जहां से संबंधित विद्यालयों को भेज दिया जाएगा। इससे कोटेदारों को गोदाम की दौड़ लगाने से राहत मिलेगी।
सराहनीय कदम
प्राथमिक विद्यालय गोविंदपुर के प्रधानाध्यापक विमल कुमार ने कहा कि शासन द्वारा उठाया गया कदम अत्यंत सराहनीय है। इससे एमडीएम योजना का संचालन बेहतर ढंग से हो सकेगा। उच्च प्राथमिक विद्यालय सिझौली के प्रधानाध्यापक रूपचंद्र ने कहा कि कभी-कभी कोटे से खाद्यान्न न मिलने से एमडीएम प्रभावित होता था। बच्चों को भोजन दिलाने के लिए जैसे-तैसे वैकल्पिक व्यवस्था की जाती थी। अब डोर स्टेप डिलेवरी से खाद्यान्न कोटेदार तक पहुंचेगा तो इससे अवकाश के बाद योजना भी सुचारू रूप से संचालित हो सकेगी।
भेजा गई सूची
एमडीएम योजना के तहत विद्यालयों के लिए आवश्यक खाद्यान्न व विद्यालयवार सूची जिलापूर्ति अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध करा दी गई है। शीघ्र ही कोटे के माध्यम से विद्यालयों को खाद्यान उपलब्ध हो जाएगा। - सत्यप्रकाश मौर्य, एमडीएम प्रभारी