अंबेडकरनगर। मातमी सदाओं के बीच रविवार को रसूलपुर बाकरगंज में जुलूसे अजा का आयोजन किया गया। अलम, ताबूत और अमारी के साथ निकले जुलूस के दौरानअंजुमन के सदस्यों ने नौहाख्वानी व सीनाजनी की। जुलूस के बीच में उलेमा ने कर्बला के शहीदों पर प्रकाश डाला।
अंजुमन इमाममिया के तत्वावधान में जुलूस की शुरुआत इमाम बारगाह में आयोजित मजलिस से हुई। मौलाना कर्रार हुसैन ने कहा कि इस्लाम में सभी मजहब की इज्जत करने का हुक्म दिया गया है। इसका हम सभी को पालन करना होगा। कोई ऐसा काम नहीं करना चाहिए जिससे किसी को ठेस पहुंचे। कर्बला में इमाम हुसैन ने शहादत देकर इस्लाम की नींव को कयामत तक मजबूत कर दिया। हमें कर्बला वालों से सीख लेनी होगी।
जुलूस देर शाम कर्बला पहुंचकर संपन्न हुआ। जुलूस के दौरान अंजुमन गुलाने इस्लाम मित्तूपुर, अजुमन अकबरिया अकबरपुर, अंजुमन असगरिया हजपुरा, अंजुमन जाफरिया कजपुरा, अंजुमन इमामिया रसूलपुर के सदस्यों ने नौहाख्वानी व सीनाजनी की। इसके साथ ही जगह-जगह मौलाना आदिल अब्बास मिर्जापुरी, मौलाना अजीम रिजवी और मौलाना अली मुंसिफ रिजवी ने मजलिस को संबोधित किया।