अंबेडकरनगर। मॉडर्न मदरसा आधुनिकीकरण शिक्षक एसोसिएशन की बैठक रविवार को अकबरपुर नगर के शहजादपुर में हुई। इसमें मदरसा शिक्षकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। साथ ही तय किया गया कि पांच नवंबर को प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में केंद्रीय मंत्री से मिलकर ज्ञापन सौंपेगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद जमाल अहमद अंसारी ने कहा कि मदरसा शिक्षक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वह्न ईमानदारी के साथ कर रहे हैं इसके बाद भी उपेक्षा की जा रही है। आधुनिकीकरण योजना समाप्त कर दी गई और अब मदरसा एक्ट ही समाप्त करने को लेकर प्रक्रिया चल रही है। यह मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। कहा कि पांच नवंबर को एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली पहुंचकर अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री से मुलाकात करेगा और ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। इसमें न सिर्फ आधुनिकीकरण योजना को शुरू किए जाने बल्कि बकाया मानदेय भुगतान की भी मांग की जाएगी।
महफूज आलम, मोहम्मद अमीन, अब्दुल रब, राजेंद्र कुमार, जितेंद्र, मोहम्मद फारूक ने कहा कि मदरसा शिक्षक आर्थिक संकट से संघर्ष कर रहे हैं। घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। समस्याएं दिन प्रतिदिन बढ़ रही हैं लेकिन कोई सुध लेने वाला नहीं है। मांग करते हुए कहा कि मदरसा शिक्षकों की सेवाएं बहाल की जाएं। एक सम्मानजनक मानदेय निर्धारित किया जाए।