जलालपुर में डाकघर में पसरा सन्नाटा।
अंबेडकरनगर। आधार कार्ड बनाने में मशीनों की गड़बड़ी ने भी बड़ी समस्या खड़ी कर रखी है। कभी बैंक तो कभी डाकघर में मशीन काम नहीं करती। नतीजा यह कि आधार कार्ड बनवाने या संशोधन कराने पहुंचे लोगों को अक्सर निराश होकर वापस लौटना पड़ता है। लगभग डेढ़ सप्ताह पहले जलालपुर में मशीनों में खराबी को लेकर नाराज लोगों ने प्रदर्शन भी किया था। आधार कार्ड को लेकर मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।
दरअसल जब से जनसेवा केंद्रों से आधार कार्ड का काम वापस लिया गया है तब से दिक्कतें ज्यादा बनी हैं। अब आधार कार्ड बनाने व संशोधन का जिम्मा बैंकों व डाकघरों के पास है। इनमें से कई बैंक व डाकघर में अक्सर तकनीकी समस्या आती रहती है। नतीजा यह कि कार्ड बनवाने निकले लोगों को निराश होकर लौटना पड़ता है।
जलालपुर डाकघर पर बच्चों का आधार कार्ड बनवाने के लिए अभिभावक मोहम्मद उस्मान निकले थे। बताया कि डाकघर की मशीन खराब थी। बच्चों का राशनकार्ड बनवाना था लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। यहीं के अरशद ने भी बताया कि मशीन की खराबी से भटकना पड़ रहा है। नगर के जितेंद्र वपंकज ने कहा कि यूनियन बैंक व स्टेट बैंक की मशीनें भी अक्सर जवाब दे जाती हैं। इससे कतई तरह की दिक्कत होती है। बैंकों व डाकघरों को चाहिए कि मशीनों को दुरुस्त रखें जिससे यहां आने वाले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
मशीनों की खराबी सिर्फ जलालपुर में ही नहीं है। अकबरपुर, टांडा व अन्य इलाकों में भी इसी तरह का हाल रहता है। नतीजा यह होता है कि उपभोक्ता बैंक व डाकघर तक जाते हैं। इसके बाद बिना काम हुए वापस लौटना पड़ता है।
दिए जाएंगे निर्देश
मशीनों को दुरुस्त रखने के निर्देश बैंकों व डाकघरों को दिए जाएंगे। ऐसा इसलिए जिससे कि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। - डॉ सदानंद गुप्त, एडीएम