अंबेडकरनगर। निकाय चुनाव में पिछली बार के मतदान का रिकाॅर्ड नहीं टूट पाया। मौसम का असर मतदान पर साफ देखने को मिला। पिछले चुनाव में जो नगर पंचायत इल्तिफातगंज 69.98 प्रतिशत मतदान के साथ सभी पांच निकाय में अव्वल थी। वह इस बार दो निकाय बढ़ जाने के बाद हुए चुनाव में मतदान को लेकर अंतिम पायदान पर खड़ी हो गई। इस बार सबसे कम 59.83 मतदान यहीं हुआ।
अकबरपुर नगर पालिका में पिछली बार 66.67 फीसद मतदान हुआ था तो इस बार 63.10 प्रतिशत पर ही रुक गया। टांडा में 65.45 के सापेक्ष 61.7 तो जलालपुर में 66.2 के सापेक्ष इस बार सिर्फ 62.28 प्रतिशत लोग वोट डालने पहुंचे। नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा में पिछली बार 65.77 फीसद मतदान हुआ था। इस बार 63.87 प्रतिशत मतदाताओं ने ही मतदान में रुचि ली।