विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। विवेकानंद शिशु कुंज सीनियर सेकेंडरी स्कूल एनटीपीसी टांडा में भारतीय शिक्षा समिति की ओर से आयोजित 35वें प्रांतीय खेलकूद समारोह का समापन शांति पाठ के साथ हुआ। तीन दिवसीय खेलकूद में विद्या भारती के कुल 12 जिलों के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इसमें लखीमपुर संकुल प्रथम, अंबेडकरनगर संकुल द्वितीय व लखनऊ संकुल तीसरे स्थान पर रहा।
मुख्य अतिथि एनटीपीसी के प्रचालन एवं अनुरक्षण के महाप्रबंधक नील कुमार शर्मा व पहलवान ध्रुवदेव पांडेय ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि अनुशासन और लगातार अभ्यास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। लक्ष्य प्राप्ति के लिए स्वस्थ रहना नितांत आवश्यक है। पहलवान ध्रुवदेव ने कहा कि अच्छे खान-पान एवं प्रतिदिन व्यायाम से हम अपने जीवन को सफल बना सकते हैं।
मुख्य वक्ता भारतीय शिक्षा समिति के प्रदेश निरीक्षक रामजी सिंह ने कहा कि खेलकूद से शरीर स्वस्थ रहता है। जब शरीर स्वस्थ रहता है तो हम कोई भी कार्य आसानी से कर सकते हैं । तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में 12 जिलों के 486 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, भाला फेंक, हैमर फेंक, चक्का फेंक व बाधा दौड़ समेत विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं के जरिए बच्चों ने प्रतिभा दिखाया।
प्रतियोगिता में लखीमपुर संकुल को पहला, अंबेडकरनगर संकुल को दूसरा व लखनऊ संकुल को तीसरा स्थान मिला। इन सभी को सम्मानित कर हौसला बढ़ाया गया। विद्यालय अध्यक्ष अंजनी कुमार वर्मा ने अतिथियों का आभार प्रकट किया। इस मौके पर पूर्व विधायक टांडा संजू देवी, वीरेंद्र कुमार, सुधीर पांडेय, सुरेश सिंह, अखंड प्रताप सिंह, अवरीश कुमार, उत्तम मिश्र, मनीराम वर्मा, करुणा वर्मा, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।