अंबेडकरनगर। माध्यमिक विद्यालयों की जनपद स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को मोहम्मद शफी नेशनल इंटर कॉलेज हंसवर में हुआ। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर हौसला बढ़ाया गया।
खेल में 19 वर्ष बालक वर्ग में किछौछा और बालिका वर्ग में हंसवर क्षेत्र की टीम विजेता रही। 17 वर्ष बालक वर्ग में टांडा क्षेत्र जबकि 14 वर्ष बालक और बालिका वर्ग में बेसिक की टीम विजेता रही। 19 वर्ष बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला किछौछा और हंसवर क्षेत्र के बीच खेला गया। इसमें किछौछा ने हंसवर को कड़े मुकाबले में मात दी। किछौछा क्षेत्र की तरफ से सुरजीत, शुभम, सौरभ, अमन, अनमोल यादव राज और विवेक ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। 19 वर्ष बालिका वर्ग के मुकाबले में हंसवर क्षेत्र ने किछौछा को हराया।
हंसवर क्षेत्र की तरफ से रक्षा, अंशिका, लक्ष्मी, अनुपम, शालिनी शेखर और माधुरी जबकि किछौछा क्षेत्र की तरफ से निधि,रानी, ज्योति और अनुपम ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। 17 वर्ष बालक वर्ग के मुकाबले में किसी अन्य टीम के न आने पर टांडा क्षेत्र को वॉकओवर मिला और वह फाइनल विजेता घोषित की गई। वहीं 14 वर्ष बालक और बालिका वर्ग के मुकाबले को भी वॉकओवर देते हुए विजेता घोषित किया गया।
इससे पहले प्रधानाचार्य नसीर अहमद खान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। जिला क्रीड़ा सचिव माध्यमिक अजीत सिंह ने बताया कि इसमें चयनित खिलाड़ी अब अयोध्या में होने वाली मंडलीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। इस मौके पर वीरेश कुमार, अरुण यादव, ओमवीर वर्मा, प्रबुद्ध सिंह, सुरेंद्र यादव, विपिन चौधरी, दिनेश मौर्य आदि मौजूद रहे।