अंबेडकरनगर। हंसवर क्षेत्र में पुलिस ने माफिया खान मुबारक गैंग के चार सदस्यों को मुठभेड़ में गिरफ्तार करने का दावा किया है। अभियुक्तों के पास तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने चारों को जेल भेज दिया।
हंसवर क्षेत्र के हरसम्हार निवासी माफिया खान मुबारक की हरदोई जेल में बंद रहने के दौरान हुई मौत के बाद पुलिस ने उनके गिरोह के सदस्यों पर शिकंजा तेज कर दिया है। हंसवर पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार को करीब साढ़े तीन बजे हरसम्हार कब्रिस्तान के निकट खान मुबारक गिरोह के चार सदस्यों को घेरकर पकड़ा गया। उनकी पहचान अलीगंज क्षेत्र के मखदूमनगर निवासी शमशाद, हरसम्हार निवासी बलराम, कलीमुल्लाह तथा आसोपुर के राजमन यादव के रूप में हुई। अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने तमंचा व कारतूस बरामद किया। एसओ प्रमोद कुमार सिंह ने चार बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार करने का दावा किया है। बताया कि खान मुबारक गैंग के छह अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।