अंबेडकरनगर। जिले के नए एसपी केशव कुमार मिश्र बना दिए गए हैं। लगभग एक वर्ष तक यहां कार्यभार संभालने वाले एसपी डॉ. कौस्तुभ अब जौनपुर के एसपी होंगे।
नौ दिसंबर 2023 को यहां एसपी डॉ. कौस्तुभ ने कार्य संभाला था। तेज तर्रार एसपी के तौर पर उनकी पहचान बनी। लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव उनके कार्यकाल में हुए लेकिन पुलिस पर मनमानी करने के खूब आरोप लगे। आपराधिक तत्वों पर बीते एक वर्ष में कार्रवाई बड़े पैमाने पर हुई। हालांकि थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों की मनमानी के मामले लगातार आते रहे। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करने में अक्सर विलंब के चलते पुलिस प्रशासन की किरकिरी होती रही। अब लखनऊ कमिश्नरेट में तैनात पुलिस उपायुक्त केशव कुमार मिश्र को यहां के एसपी की कमान दी गई है। वह बिहार प्रांत के दरभंगा जनपद के मूल निवासी हैं। उन्हें इसी वर्ष फॉरेंसिक लीडरशिप एक्सीलेंस अवॉर्ड भी मिल चुका है। वर्ष 2017 बैच के आईपीएस केशव की छवि तेज तर्रार अधिकारी के तौर पर है।