रोड जाम कर रहे कांवड़ियों को समझाते एसडीएम व सीओ सदर।
अंबेडकरनगर। एक कांवड यात्री की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में हत्या का केस दर्ज करने की मांग को लेकर सोमवार दोपहर को कांवड़ियों की भीड़ ने अकबरपुर-अयोध्या हाईवे जाम कर आधे घंटे तक प्रदर्शन किया। कांवड़ियों के हंगामे की सूचना मिलने पर पहुंचे एएसपी ने कार्रवाई करने का आश्वासन देकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया।
अकबरपुर क्षेत्र के सिझौली निवासी राकेश (35) का शव रविवार को अयोध्या मार्ग के किनारे पेड़ की डाल में लगे फंदे से लटका मिला था। पेड़ के पास पड़े बैग से बरामद मोबाइल फोन के आधार पर राकेश की पहचान हुई। छानबीन के बाद कोतवाल संजय कुमार पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या मामला लग रहा है।
मृतक के परिजनों के अनुसार राकेश 19 अगस्त को जलाभिषेक के लिए पवित्र जल लेने अयोध्या गया था। अगले दिन उसका शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करने की मांग की है। सोमवार सुबह शिवबाबा धाम में जलाभिषेक के लिए निकले कांवड़ियों को घटना की जानकारी हुई तो भड़क गए।
कांवड़ियों ने फायर स्टेशन के निकट अकबरपुर-अयोध्या हाईवे जामकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। वे राकेश की हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग करने लगे। उनका कहना था कि राकेश ने आत्महत्या नहीं की है। उसकी हत्या करके घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया गया।
जाम-प्रदर्शन की सूचना मिलने पर एएसपी संजय राय व सीओ सुरेश कुमार मिश्र मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को कार्रवाई करने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।