अंबेडकरनगर। मालीपुर स्थित मोतीलाल विद्यामंदिर इंटर कॉलेज मैदान में चल रहे सात दिवसीय मालीपुर क्रिकेट मेला में मंगलवार को चौथे दिन दो मैच हुए। कानपुर व मालीपुर की टीम ने अपने अपने मैच जीत लिए। मंगलवार को भी मैच का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
पहला मैच कानपुर व मुंबई के बीच हुआ। टॉस जीतकर कानपुर की टीम ने पहले क्षेत्र रक्षण करने का निर्णय लिया। 15 ओवर के मैच में मुंबई की टीम को कानपुर के गेंदबाजों ने 78 रन पर समेट दिया। मुंबई की तरफ से बल्लेबाज शिवम ने सर्वाधिक 27 रन बनाए। इसमें तीन चौका व एक छक्का शामिल रहा।
उपेंद्र ने एक चौके की मदद से नौ रन बनाए। कानपुर की तरफ फरहान ने तीन व आशीष ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर की टीम ने सात विकेट पर ही लक्ष्य को प्राप्त कर जीत हासिल कर ली। तोमर ने सर्वाधिक 23 व धनंजय ने 12 रन का योगदान दिया।
दूसरा मैच बिहार व मालीपुर के बीच हुआ। 15 ओवर के मैच में टॉस जीतकर मालीपुर ने क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। बिहार की टीम ने 101 रन बोर्ड पर टांग दिया। इसमें प्रियांशु ने 18, आदित्य ने 31 रन बनाए।
मालीपुर के गेंदबाज आलोक ने दो व सचिन ने तीन विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मालीपुर की टीम ने 12.1 ओवर में ही लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। प्रदीप व कुशाग्र ने 25-25 रन बनाए।
मैच रेफरी की भूमिका सूर्यनाथ यादव, डॉ. आशुतोष, दिलीप कुमार ने निभाई जबकि कमेंटेटर की जिम्मेदारी सुभाष यादव ने निभाई।