अंबेडकरनगर। आजमगढ़ जिले के अतरौलिया के चनैता निवासी संतोष कुमार श्रीवास्तव ने अकबरपुर पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह अधिवक्ता हैं। उनकी पत्नी 17 फरवरी को दोपहर न्यौतरिया बाईपास पर बस से उतरकर ई रिक्शा से पटेल नगर चौराहे की तरफ जा रही थीं। इसी दौरान न्यौतरिया बाईपास से तीन महिलाएं, जिनमें से एक अपने साथ लगभग तीन वर्ष का बच्चा भी लिए थीं, उसी ई रिक्शा पर सवार हो गईं। महिलाएं बसपा कार्यालय से कचहरी मार्ग के पास बीच रास्ते में उतर गईं। बाद में शाम को उनकी पत्नी ने पर्स खोला, तब उसमें रखी सोने की चेन लगभग 9 ग्राम 711 मिलीग्राम, मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने की झुमकी, चार महिला अंगूठियां और एक पुरुष अंगूठी गायब मिली। प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है।