जलालपुर (अंबेडकरनगर)। इस्लाम धर्म के अंतिम पैगंबर हजरत मुहम्मद के उत्तराधिकारी और शिया समुदाय के पहले इमाम हजरत अली अलैहिस्सलाम के जन्मदिवस (13 रजब) के अवसर पर नगर में धार्मिक उल्लास का माहौल रहेगा। मौलूद-ए-हरम कमेटी की ओर से तीन जनवरी को दोपहर दो बजे जाफराबाद स्थित रौजा हजरत अब्बास से जुलूस-ए-हैदरी का शुभारंभ होगा। कमेटी संयोजक इब्ने अली जाफरी ने बताया कि जुलूस नगर भ्रमण करते हुए सराय चौक, डॉ. सुरेश यादव के सामने से थाना मार्ग होते हुए यादव चौराहा पहुंचेगा। इसके बाद रौजा हजरत कासिम पहुंचकर कसीदा ख्वानी के बीच जुलूस का समापन किया जाएगा। इस मौके पर शिया समुदाय के लोग अपने घरों, इमामबाड़ों और मस्जिदों को सजाकर महफिल मौलूद और नजर-नियाज का आयोजन करेंगे।