अंबेडकरनगर। जिले में 10 नए राजकीय नलकूप की स्थापना होगी। इनमें से चार नलकूप कटेहरी ब्लाॅक में, एक अकबरपुर में, एक जलालपुर में तथा दो-दो टांडा व आलापुर ब्लाॅक क्षेत्र में स्थापित होंगे। इसकी तैयारी तेज कर दी गई है।
सिंचाई की सुविधा बढ़ाने के लिए राजकीय नलकूप विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। दरअसल शासन की तरफ से निर्देश है कि किसानों के लिए सिंचाई सुविधा बेहतर की जाए। इसे देखते हुए ही बीते दिनों यहां से 10 नए राजकीय नलकूप लगाए जाने का प्रस्ताव भेजा गया था जिसे शासन ने प्राथमिकता के आधार पर मंजूर कर दिया था।
एमएलसी हरिओम पांडेय ने इसके बाद नलकूपों की स्थापना जल्द से जल्द कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया। इसी क्रम में विभाग ने स्थापना से जुड़ी तैयारियां तेज कर दी हैं।
एमएलसी प्रतिनिधि प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि ससपना, नरहरपुर, पिछवारा खास, टेमा, हुसेनपुर हीड़ी, जमीन सरजूपुर, बट्टूगढ़, सेमउर खानपुर, मनवर तथा भूपतिपुर कोडरहा में नलकूपों की स्थापना होगी। इससे बड़ी तादाद में किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी। 35 लाख रुपये लागत से प्रत्येक नलकूप की स्थापना कराई जाएगी।