अंबेडकरनगर। क्राइम ब्रांच व साइबर क्राइम के विवेचकों के साथ बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक ने कार्यालय में समीक्षा बैठक की। उन्होंने विवेचनाओं को त्वरित निस्तारित करने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान विवेचना में शिथिलता मिलने पर फटकार लगाई और इसमें जल्द सुधार करने का निर्देश दिया। कहा कि उच्च न्यायालय व शासन के निर्देशों का गंभीरता से पालन करें।
एएसपी संजय कुमार राय ने विवेचकों को निर्देशित किया कि हर हाल में गुणवत्ता परक विवेचना सुनिश्चित करें। किसी भी विवेचना में हीलाहवाली न करें। प्रत्येक विवेचक से एएसपी ने केसवार समीक्षा की।
कहा कि प्रत्येक विवेचक की जिम्मेदारी है कि वह अपना काम गंभीरता से करे। यदि अगली समीक्षा में लापरवाही मिली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एएसपी ने सभी विवेचकों को न्यायालय व शासन के निर्देशों से अवगत कराते हुए कहा कि इसका गंभीरता से पालन किया जाए।