फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

194 करोड़ की लागत वाले कम्हरिया घाट पुल का लोकार्पण

विज्ञापन
विज्ञापन
राजेसुल्तानपुर(अंबेडकरनगर)। लगभग दो दशक बाद अंबेडकरनगर व गोरखपुर जनपद के अलावा कई अन्य जनपद के नागरिकों को सरयू नदी के कम्हरिया घाट पर पीपा पुल से हमेशा के लिए निजात मिल गई। एक दिन पहले गुरुवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने कम्हरिया घाट पर 194 करोड़ की लागत से बने स्थायी पुल का विधिवत शुभारंभ पुल के दूसरे छोर स्थित गोरखपुर जनपद की सीमा में किया। पुल के बनने से प्रयागराज व गोरखपुर के बीच की दूरी 80 किमी. कम हो गई है।
विज्ञापन

आलापुर तहसील क्षेत्र के कम्हरिया घाट पर सरयू नदी से होकर गोरखपुर जनपद पहुंचने के लिए लगभग दो दशक पहले पीपा पुल का निर्माण हुआ था। इससे पहले यहां पर सिर्फ बड़ी नाव से ही आवागमन हुआ करता था। यात्रियों की बढ़ती तादाद तथा जरूरत को देखते हुए बाद में गोरखपुर के लोक निर्माण विभाग ने लगभग दो दशक पहले पीपा पुल का निर्माण कराया। यह पुल प्रत्येक वर्ष 15 नवंबर से 15 जून तक चलता था।
बरसात को देखते हुए जून माह में पीपा का पुल हटा दिया जाता था। बीते दिनों जब पीपा पुल का निर्माण हुआ, तो इस बार 100 से अधिक पीपे लगाने पड़े थे। इस बीच अब सरयू नदी पर 193 करोड़ 97 लाख 20 हजार रुपये की लागत से स्थाई पुल का निर्माण पूरा कर लिया गया। लगभग दो माह से इस पुल से होकर बाइक सवार व अन्य यात्रियों का आवागमन शुरू हो गया था, जबकि लगभग एक माह से चार पहिया वाहन भी फर्राटा भरने लगे थे।
विज्ञापन

सरयू नदी पर स्थाई पुल का निर्माण लगभग सात वर्ष पहले शुरू हुआ था। इसे वर्ष 2018 में बनकर तैयार हो जाना था, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। अब पुल निर्माण पूरा हुआ, तो एक दिन पहले गुरुवार को शुभारंभ करने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर पहुंचे। उन्होंने पुल के निकट स्थित बेलघाट थाना क्षेत्र में पुल के निकट सभा को संबोधित किया और इससे पहले पुल का विधिवत शुभारंभ किया। वैदिक रीतिरिवाज के बीच पुल का लोकार्पण करते हुए उन्होंने कहा कि इससे विकास व सुविधाओं के नए द्वार खुलेंगे।
डीएम व एसपी ने संभाले रखी कमान
सीएम के दौरे को देखते हुए डीएम सैमुअल पॉल एन व एसपी अजीत कुमार सिन्हा ने सुरक्षा एवं शांति समेत अन्य व्यवस्थाओं की कमान संभाल रखी थी। एडीएम अशोक कुमार कनौजिया, एएसपी संजय कुमार राय, डीडीओ वीरेंद्र सिंह, एसडीएम रोशनी यादव व सीओ जगदीशलाल टमटा के अलावा तीन अन्य सीओ, 11 प्रभारी निरीक्षक व एसओ द्वारा लगातार व्यवस्था पर नजर रखी जा रही थी। कुल छह जोन में समूचे क्षेत्र को बांटकर नौ उपनिरीक्षक, 130 पुरुष सिपाही, 35 महिला सिपाही के अलावा फायर टीम की तैनाती की गई थी। एक कंपनी पीएसी भी लगाई गई थी, जिससे किसी भी प्रतिकूल स्थिति से निपटा जा सके।
शहीद के परिजन से बोले सीएम घर आऊंगा
बीते दिनों जम्मू कश्मीर के पुंछ में शहीद हुए राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के पोखभिट्टा निवासी सूबेदार भगवान सिंह के परिजनों से सीएम ने पुल लोकार्पण के समारोह में मुलाकात की। डीएम सैमुअल पॉल एन की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने शहीद की पत्नी दीपमाला सिंह, पुत्री स्मृति, पुत्र यशवीर, पिता महेंद्र सिंह, माता सांवरी देवी, छोटे भाई मृत्युंजय सिंह, बड़े भाई रामसिंह तथा बहन ज्योति सिंह से मुलाकात की। सीएम को पहले पांच सदस्यों से ही मुलाकात करना था, लेकिन डीएम के प्रयासों से आठ सदस्यों ने मुलाकात की। सीएम ने परिवार से कहा कि आर्थिक सहायता पहले ही दी जा चुकी है। नौकरी की प्रक्रिया भी अमल में है। अन्य जो भी जरूरत होगी, उसके लिए हम सदैव तैयार हैं। उन्होंने डीएम की तरफ इशारा करते हुए कहा कि आप इनके माध्यम से अपनी बात मुझ तक पहुंचा सकते हैं। परिवार के सदस्यों के घर आने के आग्राह पर सीएम ने कहा कि आगे जब अंबेडकरनगर में आने का कार्यक्रम बनेगा, तो घर भी आऊंगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें