अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से रोजगार के लिए लिया था ऋण
संवाद न्यूज एजेेंसी
अंबेडकरनगर। पिछले 18 वर्ष से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की राशि दबाए बैठे लगभग ढाई सौ लोगों पर केस दर्ज हो सकता है। इन लोगों ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से रोजगार के लिए ऋण तो ले लिया, लेकिन बार-बार नोटिस जारी होने के बावजूद वापस नहीं किया जा रहा है। ऐसे में अब संबंधित लोगों को अंतिम नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह में राशि जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। चेतावनी दी गई कि यदि ऐसा नहीं किया तो केस दर्ज कराया जाएगा।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय के अनुसार, वर्ष 2002 में अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े बेरोजगारों को रोजगार के लिए ऋण दिए जाने की योजना शुरू हुई थी। 2005 तक चली योजना में जिले के साढ़े तीन सौ लोगों ने ढाई करोड़ रुपये से अधिक की राशि ऋण के रूप में ले ली।
50 से अधिक लोगों ने ऋण के रूप में ली गई राशि तो वापस कर दी गई लेकिन 250 से अधिक लोगों ने अब तक राशि नहीं जमा की। इसके लिए कई बार जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय ने नोटिस जारी की लेकिन संबंधित लोगों द्वारा कोई गंभीरता नहीं दिखाई गई। अब कार्यालय से अंतिम नोटिस जारी की गई है। इसमें कहा गया कि यदि एक सप्ताह में राशि नहीं जमा की गई तो केस दर्ज कराया जाएगा।
दर्ज होगा केस
बार बार नोटिस जारी करने के बाद भी लगभग 250 लोगों द्वारा ऋण के रूप में ली गई लगभग डेढ़ करोड़ की राशि नहीं वापस नहीं की गई है। अब उन्हें एक सप्ताह का अंतिम मौका दिया गया है। जमा न करने की दशा में केस दर्ज कराया जाएगा।
छोटेलाल गौतम, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी