अंबेडकरनगर। पहितीपुर बाजार में मंशापुर रोड पर एसडीएम सदर ने बगैर पंजीयन के संचालित अस्पताल पकड़ा है। इस पर अस्पताल संचालित करने वाले दो आरोपियों के विरुद्ध सीएचसी प्रभारी डॉ. आशुतोष श्रीवास्तव ने अकबरपुर कोतवाली में धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है।
दो दिन पहले पहितीपुर बाजार में काली चौरा भूमि को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। दो संप्रदायों से जुड़ा मामला होने के चलते जानकारी होने पर एसडीएम सदर पवन जायसवाल भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझा कर मामले को शांत कराया।
इस बीच उनकी नजर यहां संचालित एक निजी अस्पताल पर पड़ी। उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति हॉफ पैंट व टी शर्ट पहने महिला मरीजों की जांच कर रहा है। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर रजिस्ट्रेशन आदि के बारे में जानकारी मांगी। एसडीएम के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई।
अस्पताल संचालक डॉ. सुजित राय व सचिन गुप्त कोई कागजात नहीं दिखा सके। एसडीएम ने उपचार के दौरान लापरवाही बरतने व कागजात न उपलब्ध कराए जाने पर कड़ी फटकार लगाते हुए अकबरपुर सीएचसी प्रभारी डॉ. आशुतोष श्रीवास्तव को संबंधित अस्पताल संचालकों के विरुद्ध केस दर्ज कराने का निर्देश दिया। एसडीएम के निर्देश पर अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने डॉ. आशुतोष की तहरीर पर दोनों के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।