अंबेडकरनगर। परिषदीय स्कूलों में चल रही वार्षिक परीक्षा में गुरुवार को पहली पाली में छात्र-छात्राओं ने हिंदी, सामान्य विषय, गणित व दूसरी पाली में कला/संगीत विषय की परीक्षा दी। सभी 1582 स्कूलों में परीक्षा हुई।
पहली पाली में कक्षा दो के बच्चों ने हिंदी विषय की परीक्षा दी। इसके अलावा कक्षा तीन के बच्चों ने सामान्य विषय, कक्षा चार से आठ के बच्चों ने गणित विषय की परीक्षा दी। दूसरी पाली में कक्षा तीन से आठ के बच्चों ने कला/संगीत विषय की परीक्षा दी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्रवार को परीक्षा समाप्त हो जाएगी।
अंतिम दिन पहली पाली में कक्षा तीन से पांच के बच्चे कार्यानुभव/नैतिक शिक्षा, कक्षा छह के बच्चे विज्ञान, सात व आठ के बच्चे हिंदी विषय की परीक्षा देंगे। दूसरी पाली में कक्षा छह से आठ तक के बच्चों की परीक्षा होगी। इसमें पर्यावरण अध्ययन विषय की परीक्षा होगी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा खत्म होने के साथ ही कॉपियों का मूल्यांकन तेजी से कराया जाएगा ताकि 31 मार्च को परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया जाए। नए शिक्षा सत्र को लेकर तैयारियां मुकम्मल की जा रही हैं।