अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में पांच जनवरी से हेल्थ एटीएम की शुरुआत होने जा रही है। इसके जरिए शुगर व हीमोग्लोबिन की रिपोर्ट झटपट मिल जाएगी। ब्लड प्रेशर समेत ऑक्सीजन की स्थिति आदि से जुड़ीं लगभग आधा दर्जन अन्य जांचें भी आसानी से हो सकेंगी। मेडिकल कॉलेज में भी हेल्थ एटीएम लगा दिया गया है जिसकी जल्द ही शुरुआत की जाएगी। 16 अन्य हेल्थ एटीएम भी एक-दो दिन में अकबरपुर पहुंच जा रहे हैं।
मरीजों को कई प्रकार की जांच रिपोर्ट जल्द दिलाने के लिए हेल्थ एटीएम की स्थापना किए जाने का निर्णय हुआ है। इसी क्रम में शासन से जिला अस्पताल को एक हेल्थ एटीएम बीते दिनों उपलब्ध करा दिया गया था। अब इसे पूरी तरह स्थापित कर गुरुवार से संचालन शुरू करने की तैयारी है।
जिला अस्पताल प्रबंधक डॉ. हर्षित ने बताया कि मातृ-शिशु विंग में हेल्थ एटीएम की स्थापना कर दी गई है। गुरुवार को इसका शुभारंभ पूर्व सांसद व एमएलसी हरिओम पांडेय करेंगे। इसके माध्यम से ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन, वजन, लंबाई व ऑक्सीजन समेत कई अन्य प्रकार की जांचें आसानी से हो सकेंगी। इसकी रिपोर्ट भी उन्हें अधिकतम पांच मिनट में उपलब्ध हो जाएगी।
उधर, राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में भी हेल्थ एटीएम की स्थापना कर दी गई है। हालांकि, वहां छात्र-छात्राओं के आंदोलन के चलते अभी शुरुआत विधिवत नहीं हो पाई है। 16 अन्य हेल्थ एटीएम अगले एक-दो दिन में अकबरपुर पहुंच जाएंगे। इसके बाद इन्हें भी अलग-अलग अस्पतालों में स्थापित कर मरीजों को सुविधा दिलाई जाएगी।
अन्य सरकारी अस्पतालों में भी हेल्थ एटीएम जल्द ही स्थापित करा दिए जाएंगे। कुल 18 एटीएम लगाए जाने हैं। इनकी स्थापना से मरीजों को जांच में आसानी होगी।
-डॉ. श्रीकांत शर्मा, सीएमओ