अंबेडकरनगर। जिले में 23 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित कर दिया गया है। संबंधित ग्राम के प्रधानों को गांधी जी की मूर्ति देकर प्रशासन की तरफ से दो अक्तूबर को कलेक्ट्रेट में सम्मानित किया जाएगा। अन्य गांवों के प्रधानों को भी इससे जरूरी प्रेरणा मिल सकेगी।
टीबी मुक्त अभियान से जुड़े जिला कार्यक्रम समन्वयक अखिलेश कुमार ने बताया कि बीते माह दस सदस्यीय कमेटी ने सभी मानक के आधार पर जांच की। पाया गया कि कौड़हा, बद्दूपुर, बसावनपुर, खेतापुर, पिपरीसैदपुर, कलेसर, अरमा, भोजपुर, चकपुरवा, बीबीपुर, कटयागंजन, टंडवा मिश्र, बरौली, दरियापुर, कोठीभार, उधरनपुर, बोदरा, रासलपारा, हरदोपुर, सोनावां, जलालपुर परसुरामपुर, मधुपुर मीरानपुर व लोहझरा में टीबी के कोई मरीज नहीं हैं। इसके बाद बीते दिनों ही इन्हें टीबी मुक्त ग्राम पंचायत घोषित कर दिया गया।
2025 तक टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ.गौतम मिश्र ने बताया कि सर्वे के दौरान प्रति एक हजार की आबादी पर 30 लोगों की जांच की जाती है। जिले में 899 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें से 23 को टीबी मुक्त किया जा चुका है।
कलेक्ट्रेट में होगा संमान
बीते दिनों सर्वे रिपोर्ट में जिले की 23 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित की गई हैं। इन गांवों के प्रधानों को दो अक्तूबर को कलेक्ट्रेट में गांधी जी की मूर्ति देकर सम्मानित किया जाएगा। -डॉ.राजकुमार, सीएमओ