आलापुर (अबेडकरनगर)। जय बजरंग इंटरमीडिएट कॉलेज रामनगर में दो दिवसीय ज्ञान विज्ञान मेले का शनिवार को समापन हो गया। अलग अलग जिलों के 48 विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने गणित, विज्ञान व सांस्कृतिक विषयों की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन किया।
तरुण वर्ग सांस्कृतिक प्रश्न मंच में हरदोई प्रथम, विज्ञान प्रश्न मंच में गोंडा प्रथम, गणित प्रश्न मंच में हरदोई प्रथम, विज्ञान पत्र प्रस्तुति में हरदोई, वैदिक गणित पत्र प्रस्तुति में लखीमपुर, विज्ञान प्रयोग में लखीमपुर खीरी और गणित प्रयोग में हरदोई अव्वल रहा।
किशोर वर्ग के सांस्कृतिक प्रश्न मंच में लखनऊ संभाग प्रथम, श्रावस्ती द्वितीय, विज्ञान प्रश्न मंच में सीतापुर प्रथम, साकेत द्वितीय व गणित में लखनऊ प्रथम व साकेत द्वितीय स्थान पर रहा। इससे पहले राजकुमार सिंह क्षेत्रीय संस्कृति बोध परियोजना प्रमुख ने समारोह का शुभारंभ किया। प्रबंधक अंजनी कुमार वर्मा आदि ने विजेताओं को सम्मानित किया।